अध्ययन भ्रमण दल का गुजरात में दूसरे दिन भव्य स्वागत, पंचायत भवन में बैंड-बाजे व पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन..

बलरामपुर – ग्रामीण विकास को नई दिशा देने तथा तकनीकी आधारित विकास मॉडलों को समझने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले के जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों का अध्ययन भ्रमण दल इन दिनों गुजरात प्रवास पर है। पांच दिवसीय यह अध्ययन भ्रमण 30 जनवरी से प्रारंभ होकर 3 फरवरी तक प्रस्तावित है।

अध्ययन भ्रमण के दूसरे दिन जिला वडोदरा अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमाड के पंचायत भवन में दल का भव्य स्वागत किया गया। बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा एवं पारंपरिक तिलक लगाकर सभी प्रतिभागियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत डुमाड की सरपंच कल्पनाबेन चौहान एवं पंचायत सचिव से सौजन्य मुलाकात कर ग्राम भ्रमण किया गया तथा पंचायत में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई।

अध्ययन के विषयों को साझा करते हुए जनपद पंचायत राजपुर के अध्यक्ष विनय भगत ने बताया कि लगभग 6000 की जनसंख्या वाली ग्राम पंचायत डुमाड में एक ही परिसर में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल का संचालन किया जा रहा है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट और अनुकरणीय उदाहरण है। इस व्यवस्था की सभी जनपद अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों ने सराहना की।

इसके पश्चात ग्राम के मध्य स्थित लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में फैले विशाल तालाब का भी अवलोकन किया गया, जहां चारों ओर सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है तथा नियमित रूप से साफ-सफाई की जाती है। यह तालाब जल-संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन की दृष्टि से ग्राम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अध्ययन भ्रमण के दौरान दल द्वारा गुजरात के ग्रामीण विकास मॉडल, BISAG (भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान), कृषि क्षेत्र में GIS के उपयोग, अमूल दुग्ध डेयरी, बायोगैस संयंत्र तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों का अध्ययन किया जाएगा।
अध्ययन भ्रमण दल में जनपद पंचायत राजपुर से अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, शंकरगढ़ जनपद अध्यक्ष चिंतामणि भगत, वाड्रफनगर जनपद अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल तथा कुसमी जनपद उपाध्यक्ष अशोक सोनी शामिल हैं।



