बलरामपुर जिले में शिक्षा विभाग में संलग्नीकरण समाप्ति के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति….

एक आदेश में कार्यमुक्ति, लेकिन कर्मचारी अब भी मूल पदस्थापना पर नहीं पहुंचे

राजपुर – जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर द्वारा 7 जुलाई को संलग्नीकरण समाप्त करने संबंधी आदेश जारी किया गया। आदेश में लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के 25 जून 2026 के पत्र तथा स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए सभी संलग्न कर्मचारियों एवं शिक्षकों को तत्काल उनकी मूल पदस्थापना संस्था के लिए कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए।
हालांकि आदेश जारी होने के बाद भी जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग के कई कर्मचारी एवं शिक्षक अब भी अपनी मूल पदस्थापना वाले विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के बजाय जनपद पंचायत, तहसील, एसडीएम कार्यालय सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यरत हैं।
इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि संलग्नीकरण वास्तव में समाप्त कर दिया गया है तो संबंधित कर्मचारी अब तक अपनी मूल पदस्थापना पर क्यों नहीं पहुंचे? क्या केवल एक सामान्य आदेश जारी कर औपचारिकता पूरी की गई, जबकि उसका प्रभावी क्रियान्वयन अभी बाकी है?
यदि शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित नहीं किया जाता है तो विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी रह सकती है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में आवश्यकता है कि जारी आदेश का वास्तविक क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कराया जाए।
■ पड़ोसी जिलों में नामवार आदेश, बलरामपुर में सामान्य निर्देश
प्रदेश के कई जिलों तथा बलरामपुर के पड़ोसी जिलों में संलग्नीकरण समाप्त करने के लिए कर्मचारियों के नाम, मूल पदस्थापना एवं वर्तमान संलग्नीकरण स्थान का उल्लेख करते हुए अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। इससे संबंधित कर्मचारी अपनी मूल पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कर रहे हैं। वहीं बलरामपुर जिले में सामान्य (सिंगल) आदेश जारी होने के बाद भी कई कर्मचारी अन्य विभागों में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने कहा, “शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में संलग्न कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही उन्हें वर्तमान संलग्नीकरण स्थान से कार्यमुक्त कर उनकी मूल पदस्थापना पर कार्य करने संबंधी आदेश जारी किए जाएंगे।”





