छत्तीसगढ़राजनीतिसभीसरगुजा संभाग

झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से की सौजन्य मुलाकात…..


ग्राम सेमरा कठरा के किसानों को किसान किताब, नक्शा-खसरा एवं राजस्व पट्टा प्रदाय करने की रखी मांग

राजपुर। झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने जिला संयोजक अशोक रस्तोगी के नेतृत्व में बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से ग्राम बीरपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर ग्राम सेमरा कठरा (पटवारी हल्का 01, तहसील राजपुर) के लगभग 200 किसानों को आज तक राजस्व अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने की समस्या से अवगत कराया।

ज्ञापन की प्रति 01

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय को बताया कि—

ग्राम सेमरा कठरा को वर्ष 2014-15 में राजस्व ग्राम घोषित किया गया था।

ग्राम का सर्वेक्षण कार्य पूर्ण है तथा तैयार नक्शा-खसरा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, राजपुर द्वारा कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा बलरामपुर को भेजा जा चुका है।

ग्रामवासियों को जानकारी मिली है कि उन्हें वन अधिकार मान्यता पत्र प्रदान किया जा सकता है, जबकि

वन अधिकार पत्र मिलने पर किसान शासन की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित हो जाते हैं।

साथ ही, इससे ग्राम के छात्रों के जाति, निवास तथा आय प्रमाण पत्र निर्गत न होने के कारण उन्हें उच्च शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं हेतु आवेदन करने में भारी कठिनाई होती है।

ज्ञापन की प्रति 02

प्रतिनिधिमंडल ने यह तथ्य भी सामने रखा कि—

सेमरा कठरा के साथ ही राजस्व ग्राम घोषित हुआ ग्राम महंगई को जिले के प्रशासन द्वारा वर्ष 2018 से 2020 के बीच राजस्व पट्टा, नक्शा, खसरा, बी-1 एवं किसान किताब वितरित कर दी गई है।

ग्राम सेमरा कठरा पूर्व में ग्राम पंचायत करमडीहा का आश्रित ग्राम था तथा वर्ष 2020 में ग्राम पंचायत का दर्जा प्राप्त कर चुका है, किन्तु नक्शा-खसरा उपलब्ध न होने के कारण कोई भी निर्माण व विकास कार्य स्वीकृत नहीं हो पा रहा है।

झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्री महोदया से आग्रह किया कि माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन से अनुरोध कर ग्राम सेमरा कठरा के सभी किसानों को राजस्व पट्टा, नक्शा, खसरा, बी-1 एवं किसान किताब शीघ्र वितरण कराने की कृपा करें, ताकि किसान शासन की सभी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें और ग्राम विकास को गति मिल सके।

Related Articles

Back to top button