आयुर्वेद औषधालय भवन निर्माण हेतु भूमि सीमांकन कराने जिला संयोजक ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन….

राजपुर : विकासखंड मुख्यालय राजपुर के वार्ड क्रमांक-05 स्थित शासकीय आयुर्वेद औषधालय जर्जर स्थिति में संचालित हो रहा है। चार कमरों के इस पुराने भवन में मरीजों के उपचार एवं भर्ती की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण गंभीर मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा नहीं मिल पाती।

वर्तमान भवन अत्यंत पुराना होने के साथ-साथ मरम्मत योग्य भी नहीं रह गया है। वहीं क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही है।
इसी संबंध में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुनील गुप्ता द्वारा तहसील कार्यालय राजपुर में ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक-06, डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड में उपलब्ध लगभग 01 एकड़ शासकीय भूमि का सीमांकन कर नवीन आयुर्वेद औषधालय भवन निर्माण हेतु शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है।
यह भूमि शासकीय अभिलेख में दर्ज है तथा मुख्य मार्ग से सटी होने के कारण मरीजों के आवागमन की दृष्टि से भी उपयुक्त मानी जा रही है। प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण होने पर आम नागरिकों को औषधि वन वाटिका, औषधालय भवन, व्यायाम/योग चबूतरा तथा स्टाफ क्वार्टर जैसी सुविधाएँ प्राप्त हो सकेंगी।

राजस्व विभाग की आना-कानी के कारण अटका प्रस्ताव
ज्ञात हो कि जिला आयुर्वेद अधिकारी सरगुजा सहित स्थानीय आयुर्वेद अधिकारी राजस्व विभाग से लगातार पत्र व्यव्हार करते हुए भूमि आबंटन की मांग कर रहें हैं राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग प्राप्त न होने के कारण यह मामला लंबे समय से लंबित चल रहा है स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाती है, तो राजपुर क्षेत्र में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में यह कदम अत्यंत मील का पत्थर सिद्ध होगा।




