सेवारी समिति प्रबंधक पर अनियमितताओं के आरोप, जांच टीम खानापूर्ति में व्यस्त!

बलरामपुर – आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सेवारी के प्रबंधक मुकुंद राम पर फर्जी नियुक्ति, भाई-भतीजावाद, धान टोकन और खाद वितरण में अवैध वसूली, किसानों के तौलाई-बोरा भराई राशि गबन और अमर्यादित गतिविधियों के गंभीर आरोप लगे हैं। प्रबंधक पर यह भी आरोप है कि शिकायत करने वाले किसानों को धमकाया जा रहा है, जबकि उनके करीबी संविदा कर्मचारी भगत्तु राम द्वारा पहाड़ी कोरवा किसानों के साथ दुर्व्यवहार और शोषण किया जा रहा है।
इन सभी आरोपों को लेकर सैकड़ों किसानों और दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने 18 अगस्त को बलरामपुर कलेक्टर के नाम हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को जांच के निर्देश दिए थे।
सहकारिता सहायक आयुक्त ने 21 अगस्त को ए.के. दास, सहकारिता विस्तार अधिकारी वाड्रफनगर को तीन दिवस के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। लेकिन ढाई माह बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में सहकारिता सहायक आयुक्त सुरेश पैकरा ने बताया कि जांच प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही प्रतिवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।



