जर्जर स्कूल भवन विघटन के लिए भाजपा नेता ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

राजपुर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजपुर के जर्जर भवन को विघटित करने की मांग को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद सुनील गुप्ता ने बुधवार को एसडीएम राजपुर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उन्होंने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा, जनपद पंचायत राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) स्थित इस विद्यालय के दो कमरे अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। इससे छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

भाजपा नेता गुप्ता ने ज्ञापन में बताया कि भवन की दीवारें और छतें काफी कमजोर हो चुकी हैं। बरसात या हल्के झटके से भी इनके गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में किसी अप्रिय घटना से पहले ही प्रशासन को तत्काल कार्रवाई कर भवन को डिस्मेंटल (विघटित) कराना आवश्यक है।
उन्होंने एसडीएम से अनुरोध किया कि संबंधित विभाग को निर्देशित करते हुए विद्यालय भवन का परीक्षण कराकर जल्द से जल्द जर्जर हिस्से को ध्वस्त किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




