पिकअप वाहन पलटने से बड़ा हादसा, दो की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल

शंकरगढ़। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जारगिम में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनिहार (कृषि कार्य के लिए जा रहे मजदूरों) को लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन चालक की कथित लापरवाही के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय वाहन में लगभग 20 से 25 लोग सवार थे।

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शंकरगढ़ थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायल लोगों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप चालक फरार बताया जा रहा है । एवं पिकअप जारगिम निवासी शर्मा दास की बताई जा रही है
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मजदूरों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा ऐसे वाहनों में ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।




