सभी

माल वाहक वाहन से सवारी ले जाना पड़ा महंगा, वाहन मालिक पर ₹5000 का जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू

बलरामपुर – थाना रामचंद्रपुर क्षेत्र में एक माल वाहक वाहन (मैजिक छोटा हाथी) में सवारियों एवं बच्चों को वैन के पीछे लटकाकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री वैभव बैंकर (भा.पु.से.) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी रामचंद्रपुर को वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने निर्देशित किया।

निर्देशों के पालन में थाना रामचंद्रपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन UP 64 AT 6428 के स्वामी जवाहिर रजक पिता लक्ष्मण रजक निवासी ग्राम धवनी, थाना सनवाल के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192(A-1C) के तहत ₹5000 का चालान किया गया है। साथ ही, वाहन चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु प्रकरण तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया अनुसार कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री वैभव बैंकर ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर 2025 से जिले में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम कर लोगों को सुरक्षित यातायात सुविधा प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि यदि आम नागरिक पुलिस एवं प्रशासन को इस मुहिम में सहयोग देंगे तो निश्चित रूप से बलरामपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी।


Related Articles

Back to top button