शंकरगढ़ क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से जनता भयभीत, पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल – विजय पैकरा

बलरामपुर डेस्क – ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शंकरगढ़ के अध्यक्ष विजय पैकरा ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इन घटनाओं से शंकरगढ़ क्षेत्र की जनता हताश, परेशान एवं असुरक्षित महसूस कर रही है। व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है और आम नागरिकों की रातों की नींद हराम हो गई है।
श्री पैकरा ने कहा कि पिछले कई महीनों से शंकरगढ़ विकासखंड के अलग-अलग गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। इससे पुलिस विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का ध्यान जनसुरक्षा छोड़कर आए दिन विधायक-सांसदों की अगवानी, औपचारिकताओं और वाहन जब्ती के नाम पर आम जनता से अवैध वसूली करने तक सीमित रह गया है। जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना और अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता से बाहर होता जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से सघन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे, ताकि शंकरगढ़ की जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।


